कोटद्वार/सतपुली/यमकेश्वर। सतपुली में आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी सुशील कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र समस्याओं के समाधान करने के निर्देश दिए। डीएम ने सतपुली की नयार नदी में हो रहे खनन पर पुलिस को अंकुश लगाने के सख्त निर्देश दिए।
मंगलवार को सतपुली तहसील सभागार में आयोजित जनता दरबार में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने जिलाधिकारी के समक्ष 15 शिकायतें दर्ज कराईं। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। तहसील दिवस पर लोगों ने नए पेयजल मामलों से जुड़ी कई शिकायतों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। विकलांग कल्याण समिति के मनीष ने संयुक्त चिकित्सालय सतपुली में एक्स-रे तथा पैथोलॉजी समेत अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। नयार घाटी विकास संगठन के जयदीप नेगी ने उप डाकघर सतपुली के कर्मियों की कमी से दैनिक कामों में आ रही परेशानियां जिलाधिकारी को बताईं। विभिन्न संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने सतपुली मंदिर के समीप मांस की दुकान को हटाने की मांग उठाई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समाधान करने के साथ ही पुलिस प्रशासन को सतपुली क्षेत्रांतर्गत हो रहे अवैध खनन पर नकेल कसने के भी निर्देश दिए।
इस मौके पर एसडीएम सतपुली सोहन सिंह सैनी, डीएफओ गढ़वाल लक्ष्मण सिंह रावत, डीसीएमओ एचसीएस मर्तोलिया, पीडी एसएस शर्मा, डीडीओ वेद प्रकाश, एपीडी सुनील कुमार, डीपीआरओ एमएम खान समेत विभिन्न विभागों को अधिकारी मौजूद थे।
उधर, कोटद्वार में आयोजित तहसील दिवस में 15 लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
यमकेश्वर ब्लाक के तहसील यमकेश्वर में आयोजित तहसील दिवस पर आज एक भी शिकायत दर्ज नहीं हुई है। तहसील दिवस पर न तो किसी विभाग का कोई अधिकारी आया और न क्षेत्र की जनता।
-फोटो