कोटद्वार। उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन की स्थानीय शाखा की बैठक में यूनियन की ओर से 27 मई को मंडल की सभी शाखाओं पर प्रस्तावित धरना और 28 मई से मंडलीय प्रबंधक संचालन कार्यालय देहरादून के अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन पर चर्चा की गई। बैठक में दो माह से वेतन न मिलने पर रोष जताया गया।
बृहस्पतिवार को कोटद्वार कार्यालय में प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में यूनियन की स्थानीय शाखा की बैठक हुई। इसमें शाखा मंत्री सुनील कुमार सक्सेना ने कहा कि निगम प्रबंधन की मनमानी के चलते परिवहन निगम में कार्यरत कर्मचारियों को गत दो माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। यदि 26 मई तक निगम प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों को दो माह का वेतन आहरण नहीं कराया गया तो कर्मचारी 27 मई को सहायक महाप्रबंधक कार्यालय में धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। बैठक में नए वाहनों को बस बेड़े में सम्मिलित करने और कार्यशाला में कलपुर्जों की कमी को पूरा करने की मांग की गई। गढ़वाल मंडल के क्षेत्रीय अध्यक्ष रवि नंदन कुमार ने कहा कि यात्रा सीजन शुरू हो चुका है, ऐसे में परिवहन निगम के पास 1750 बसों का बेड़ा होना चाहिए, लेकिन खेद का विषय है कि वर्तमान में निगम के पास महज 1230 बसें ही उपलब्ध हैं। उन्होंने निगम प्रबंधन से 300 साधारण और हाईटेक बसों की खरीद प्रक्रिया शुरू करने करने के साथ ही चालकों की कमी को भी पूरा करने की मांग उठाई।
इस मौके पर यूनियन के शाखा अध्यक्ष राजेंद्र पयाल, सुनीत कुमार सक्सेना, वरिष्ठ लिपिक कलीराम, वीर सिंह, श्याम सिंह, राहत हुसैन, प्रदीप, राम हर्ष, सुनील नेगी, महेंद्र कुमार, वीरेंद्र कुमार, मगन पाल सिंह, रवि प्रकाश, नेम सिंह, सत्यपाल सिंह, मुकेश कुमार, संजीव कुमार व दिनेश चंद्र आदि मौजूद रहे।