कोटद्वार। क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवियों ने विश्व एड्स दिवस पर रैलियां निकालकर लोगों को जागरूक किया।
पीजी कालेज कोटद्वार की एनएसएस इकाई के स्वयंसेवियों ने शनिवार को नगर में जनजागरूकता रैली निकाली। इस मौके पर स्वयंसेवी छात्र नारे, स्लोगन लिखे तख्तियां और होर्डिंग्स साथ लिए हुए थे। उधर, पीजी कालेज जयहरीखाल में एनएसएस स्वयंसेवियों की गोष्ठी हुई। इसमें वक्ताओं ने कहा कि एड्स के प्रति समाज को जागरूक करने में एनएसएस के स्वयंसेवी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। गोष्ठी में एड्स के प्रति युवाओं में व्याप्त भ्रांतियों पर प्रकाश डाला गया। एडस के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता बताई गई। इस मौके पर प्राचार्या डा. कुमकुम रौतेला, वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डा. राकेश कुमार द्विवेदी, कार्यक्रम अधिकारी डा. डीसी बेबनी, डा. मोहन कुकरेती, डा. पवनिका चंदोला, ममता, राहुल नेगी व सिमरन खान आदि ने विचार रखे। दूसरी ओर जीआईसी कण्वघाटी के एनएसएस के स्वयंसेवियों ने कार्यक्रम अधिकारी रमाकांत कुकरेती के नेतृत्व में क्षेत्र में जनजागरूकता रैली निकाली। इस मौके पर महेश चंद्र रजवार, मंजू नेगी, राकेश मोहन ध्यानी आदि मौजूद रहे। जीजीआईसी कलालघाटी के स्वयंसेवियों ने कार्यक्रम अधिकारी डा. मंजू कपरवाण के नेतृत्व में जनजागरूकता रैली निकाली।