कोटद्वार। शहर के गरीब मजदूर तबके के लोगों को कमेटी के नाम पर ठगने के आरोपी बाप-बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करने और एसआईटी जांच की मांग को लेकर प्रभावित लोगों ने कोटद्वार तहसील में धरना-प्रदर्शन किया। कहा कि प्रभावित परिवार चार दिन से आंदोलन की राह पर हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन उनकी सुनने केे तैयार नहीं है।
शुक्रवार को बसपा नेता और अधिवक्ता अरविंद वर्मा के नेतृत्व में ठगी के शिकार लोग कोटद्वार तहसील में पहुंचे। लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर उनकी मेहनत की कमाई को डूबने से बचाने की गुहार लगाई। प्रभावित लोगों ने कहा क्षेत्र में ठेली, रेहड़ी और फड़ी वाले करीब 150 लोग हर रोज मजदूरी कर अपनी मेहनत की कमाई को नजीबाबाद रोड निवासी एक दुकानदार बाप-बेटे के पास जमा कराते थे। वर्तमान में आरोपी बाप-बेटे के पास लोगों का करीब एक करोड़ रुपया जमा है। प्रदर्शनकारी अपना मेहनत का पैसा उन्हें लौटाने की मांग कर रहे थे। उन्होंने एसडीएम राकेश तिवारी और पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के लेपटॉप और पूरा रिकार्ड जब्त करने और एसआईटी जांच कराकर इनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराने की मांग की है। प्रदर्शन में सलाउद्दीन, जगदीश कुमार, मोहम्मद जावेद, कमलेश देवी, दिलशाद, सुनील वर्मा, दीपक कुमार, महेंद्र सिंह, सहजाद, शहनवाज, उपमा देवी व दीपक सिंह आदि मौजूद थे।
कमेटी का धंधा करने वाला पत्रकार लाखों रुपये लेकर हुआ फरार
कोटद्वार। पत्रकारिता की आड़ में कमेटी का धंधा करने वाला एक टीवी पत्रकार लोगों के लाखों रुपये लेकर फरार हो गया है। पीड़ित लोगों ने शुक्रवार को आरोपी पत्रकार के खिलाफ नामजद तहरीर कोटद्वार कोतवाली में दर्ज कराई है। कोटद्वार निवासी अरविंद पंत, सोनिया महाजन, नसीम व गुलनाज समेत कई लोगों ने एसडीएम और कोतवाल को तहरीर देकर उनका पैसा हड़पने वाले टीवी पत्रकार के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। एसडीएम राकेश तिवारी ने कोतवाल को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। दर्जनभर से अधिक पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने उक्त पत्रकार के पास दो-दो लाख रुपये जमा कराए थे।
- फोटो