कीचड़ और फिसलन से दुर्घटनाओं का खतरा
सतपुली। बारिश ने पौड़ी नेशनल हाईवे पर गुमखाल-सतपुली के बीच सफर को एक बार फिर जोखिमभरा बना दिया है। हाईवे पर कई जगह पहाड़ी से बोल्डर और मलबा गिर रहा है। वहीं सड़क पर फैली मिट्टी और कीचड़ से फिसलन बढ़ गई है। कई स्थानों पर सड़क पानी से लबालब है, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब 21 किमी हाईवे पर 12 से अधिक डेंजर जोन बन गए हैं।
मंगलवार को दिनभर हुई बारिश के बाद गुमखाल से सतपुली के बीच करीब 20 किलोमीटर के हिस्से में अधिकांश स्थानों पर सड़क पर फिसलन हो गई। बुधवार को भी क्षेत्र में बारिश का सिलसिला जारी है। गुमखाल-सतपुली के बीच एक दर्जन से अधिक डेंजर जोन हैं जहां बारिश के दौरान पहाड़ी से रह-रहकर बोल्डर और मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है।
सतपुली मल्ली समेत कई स्थानों पर सड़क पर मलबा आने से मार्ग बेहद संकरा हो गया है। यहां सामने से वाहन आने पर चालकों को मुश्किल हो रही है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क से मलबा और कीचड़ हटाने के साथ संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।