पौड़ी। कफोलस्यूं पट्टी के एक गांव की जिंदा जलाई गई बेटी को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। छात्रा को 16 दिसंबर की शाम एक युवक ने पेट्रोल डालकर जिंदा आग के हवाले कर दिया था। छात्रा ने रविवार को दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल में अंतिम सांस ली। सोमवार को गांव के पैतृक घाट पर छात्रा का अंतिम संस्कार किया गया। जनप्रतिनिधियों सहित अनेक गणमान्य लोगों ने दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से छात्रा के गांव और जिला मुख्यालय में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
सोमवार को गांव के पैतृक घाट पर चाचा ने बेटी की चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान विधायक पौड़ी मुकेश कोली, पालिकाध्यक्ष पौड़ी यशपाल बेनाम, ब्लाक प्रमुख कोट सुनील लिंगवाल, ज्येष्ठ प्रमुख कल्जीखाल महेंद्र कुमार, कनिष्ठ प्रमुख कल्जीखाल दर्मियान सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य अनूप कंडारी, एडीएम रामजी शरण शर्मा, जिला प्रवक्ता कांग्रेस संजय डबराल, पूर्व प्रमुख कोट नवल किशोर, उत्तराखंड कोली समाज संगठन के अध्यक्ष राजेश सिंह राजा, सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत मोहन बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा मुकेश रावत, कोतवाल पौड़ी मनोज रतूड़ी आदि मौजूद थे।
इससे पूर्व जिलाधिकारी सुशील कुमार, एसएसपी जगतराम जोशी और एडीएम रामजी शरण शर्मा ने दिवंगत छात्रा के गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। साथ ही जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया। ग्रामीणों व छात्रा की मां ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने, उचित आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की गई है।
दुख की इस घड़ी में संपूर्ण उत्तराखंड पीड़ित परिवार के साथ है। आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा होनी चाहिए। सरकार की ओर से मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाए जाने के लिए जल्द पहल की जानी चाहिए।
-तीरथ सिंह रावत, राष्ट्रीय सचिव भाजपा
हम सब दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ हैं। आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिए जाने के ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार की ओर से पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।
-मुकेश कोली, विधायक पौड़ी
पहाड़ की बेटी को न्याय दिलाने के लिए हम सबको मिलकर प्रयास करने होंगे। आरोपी को जल्द से जल्द कठोर कानूनी सजा दी जानी चाहिए।
-घनानंद घन्ना, उपाध्यक्ष, उत्तराखंड संस्कृति साहित्य एवं कला परिषद