कोटद्वार। नगर निगम कोटद्वार के वार्ड नंबर-24 बालासौड़ में गत नौ नवंबर को पूर्व सैनिक के घर हुई चोरी का खुलासा न होने से भड़के पूर्व सैनिकों ने कोतवाली और तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि शहर में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है। प्रदर्शन के बाद पूर्व सैनिकों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण बड़थ्वाल के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों ने तहसील परिसर में पुलिस-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा कि गत नौ नवंबर की रात बालासौड़ में पूर्व सैनिक हरीश चंद्र खुगशाल के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने पांच लाख रुपये और सोने के गहने चोरी कर लिए। कहा कि पूर्व में बालासौड़ निवासी रामपाल सिंह, अर्जुन सिंह नेगी और मानपुर निवासी हरेंद्र सिंह गुसाईं के यहां भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसका खुलासा करने में पुलिस नाकाम रही है। तहसील के बाद पूर्व सैनिकों ने कोतवाली में भी जमकर हंगामा काटा।
प्रदर्शन में पूर्व ब्लाक प्रमुख गीता नेगी, कै. सीपी डोबरियाल, अनूप बिष्ट, मीना डोबरियाल, मिथलेश शर्मा, रामेश्वरी भंडारी, सुधा मलासी, नीरू बाला खंतवाल, बलवान सिंह रावत व विक्रम सिंह समेत कई लोग शामिल रहे।
फोटो