कोटद्वार। दिल्ली से कोटद्वार पहुंचने वाली गढ़वाल एक्सप्रेस के रद्द होने के कारण सोमवार को पर्वतीय क्षेत्र में ट्रेन से जाने वाले यात्रियों को अनेक परेशानी झेलनी पड़ी। दिल्ली जाने के लिए दूरदराज से कोटद्वार रेलवे स्टेशन पहुंचे लोगों को गढ़वाल एक्सप्रेस रद्द होने का पता तब चला, जब उन्होंने ट्रेन का लाइव स्टेटस देखा। यात्रियों ने स्टेशन मास्टर से पूछताछ की और ट्रेन के रद्द होने की सूचना मिलने पर बैरंग वापस लौट गए।
पर्वतीय क्षेत्र के लोग दिल्ली और मेरठ जाने के लिए रेल से यात्रा करते हैं। कई दूरस्थ इलाके के लोग तो गढ़वाल एक्सप्रेस के लिए कोटद्वार रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही पहुंचने लगते हैं। सोमवार को भी अनेक यात्री गढ़वाल एक्सप्रेस के इंतजार में कोटद्वार रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। इंटरनेट से अनभिज्ञ लोगों को ट्रेन रद्द होने का पता नहीं चल सका और वे दिन भर गढ़वाल एक्सप्रेस के आने का इंतजार करते रहे। कई लोगों को दूसरे यात्रियों से पता चला कि गढ़वाल एक्सप्रेस रद्द हो गई है। इसके बाद उन्होंने स्टेशन मास्टर से ट्रेन की सही सूचना ली। सूचना मिलते ही लोग अपने सामान के साथ रेलवे स्टेशन से बाहर निकले और रोडवेज की बस में अपने गंतव्य को रवाना हुए।
स्टेशन मास्टर रामाश्रय राम ने बताया कि दिल्ली से चलकर दोपहर 2:25 बजे कोटद्वार पहुंचने वाली गढ़वाल एक्सप्रेस रद्द हो गई है। हालांकि ट्रेन के रद्द होने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली, लेकिन ट्रेन का लाइव स्टेटस देखने पर पता चला कि ट्रेन रद्द हो गई है। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर अलाउंसमेंट कराकर यात्रियों को गढ़वाल एक्सप्रेस के रद्द होने की सूचना दे दी है। उन्होंने बताया कि सुबह 6:25 बजे कोटद्वार पहुंचने वाली मसूरी एक्सप्रेस 20 मिनट देरी से पहुंची, वहीं नजीबाबाद कोटद्वार पैसेंजर भी अपने निर्धारित समय से दो घंटे देरी से कोटद्वार पहुंची।