पौड़ी। चौथा राठ महोत्सव 22 जनवरी को चाकीसैंण जीआईसी में आयोजित होगा। समलौंण संस्था की ओर से आयोजित महोत्सव में सामाजिक, पर्यावरण संरक्षण व दुर्गम क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले छह लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
संस्था की कार्यकारी अध्यक्ष रामेश्वरी देवी व अध्यक्ष मनोज रौथाण ने बताया कि ग्रामीण परिवेश में हर वर्ष आयोजित होने वाले राठ महोत्सव में इस बार पर्यावरण संरक्षण पर आधारित थड़िया-चौफला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता की विजेता महिला मंगल दलों को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। बताया कि संस्था महोत्सव में छह लोगों को सम्मानित करेगी। कहा कि सामाजिक क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए हंस कल्चर सेंटर उत्तराखंड के प्रभारी पदमेंद्र सिंह बिष्ट और गढ़वाली लोकभाषा साहित्य के क्षेत्र में गणेश खुगशाल गणि को पश्चिमी नयार घाटी उत्कृष्ट सेवा सम्मान से नवाजा जाएगा। कहा कि पर्यावरण के क्षेत्र में मैती आंदोलन के प्रणेता कल्याण सिंह रावत, अधिवक्ता व नंदा देवी राजरात यात्रा समिति के सचिव भुवन नौटियाल, समलौंण सेनानायिका बनास रेखा देवी व समलौंण सेनानायिका कनाकोट कांति देवी को पश्चिमी नयार घाटी समलौंण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।