कोटद्वार। कोटद्वार जिला निर्माण संघर्ष समिति ने कोटद्वार सहित पूर्व में घोषित चार जिलों के निर्माण मांग करते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। समिति ने कहा कि सात वर्ष पूर्व हुई जिला निर्माण की घोषणा का क्रियान्वयन न होने से संबंधित क्षेत्रों और जिलों में गहरा आक्रोश बना हुआ है।
जिला निर्माण संघर्ष समिति के बैनर तले विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा कि बार एसोसिएशन और नागरिक मंच लोकतांत्रिक ढंग से जिला निर्माण की मांग उठाते आ रहे हैं। बार एसोसिएशन जहां हर शनिवार को कार्यों से विरत रहकर जिला निर्माण के लिए संघर्ष करता आ रहा है, वहीं नागरिक मंच जिला निर्माण को लेकर प्रति माह होने वाली अपनी बैठकों के साथ ही प्रदर्शन करते हैं।
समिति के अध्यक्ष विनोद कुकरेती ने कहा कि वर्ष 2011 में तत्कालीन भाजपा सरकार ने कोटद्वार सहित यमुनोत्री, डीडीहाट और रानीखेत पृथक जिला बनाने की घोषणा की थी, लेकिन घोषणाओं का क्रियान्वयन अभी तक नहीं हुआ है। ज्ञापन सौंपने वालों में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन सिंह पंवार, पूर्व अध्यक्ष अजय पंत, नागरिक मंच के महासचिव मनीष भट्ट, व्यापार मंडल के संरक्षक लक्ष्मी नारायण चावरला, गढ़वाल सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष एमएल आर्य, गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के पुष्कर सिंह गुसाईं, सूरत सिंह रावत, आरएस रावत, वरिष्ठ नागरिक संगठन के संग्राम सिंह भंडारी, रतन सिंह नेगी, साहित्यांचल से चक्रधर शर्मा कमलेश, सीपी नैथानी, शोभा बहुगुणा भंडारी शामिल थे।