बैजरो। बैजरो बाजार में 10 दिन से पेयजल संकट बना हुआ है। पेयजल आपूर्ति नहीं होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी जलसंस्थान क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं कर पा रहा है। लोग नयार नदी का मटमैला पानी पीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने अविलंब पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है।
बैजरो बाजार चार विद्यालयों, कई होटलों व बैंक सहित अन्य व्यापारिक गतिविधियों का मुख्य केंद्र है। यह रामनगर, पौड़ी, देहरादून, कोटद्वार व गैरसैंण आवाजाही का मुख्य पड़ाव भी है। करीब 600 की आबादी वाले इस बाजार में पेयजल की आपूर्ति आठ किलोमीटर दूर स्थित बापता गदेरे से की जाती है, लेकिन 10 दिन से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। पेयजल आपूर्ति न होने से गृहिणियां को बर्तन व कपड़े आदि धोने के लिए पूर्वी नयार नदी में जाना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी होटल व्यवसायी और प्रतिदिन आवाजाही करने वाले यात्रियों को हो रही है।
स्थानीय निवासी सुमन ढौंडियाल, प्रधान अरविंद सिंह, हर्षपाल चंद, सुरेंद्र बिष्ट और कुलवीर रावत ने जलसंस्थान पर बैजरो की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति ठप होने से वे रोजमर्रा के काम भी नहीं कर पा रहे हैं। पूरा दिन पानी की व्यवस्था करने में ही बर्बाद हो रहा है। कई बार जलसंस्थान के अधिकारियों को शिकायत करने के बाद भी पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है। उन्होंने शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
उधर, जलसंस्थान के कनिष्ठ अभियंता सौरभ पांडे ने कहा कि लगातार बारिश से पेयजल योजना बाधित हो गई थी। मुख्य टैंक तक तो पानी पहुंच रहा है, लेकिन लाइन में कचरा आने से बाजार तक पानी नहीं पहुंच रहा है। लाइन को शीघ्र ही ठीक कर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
-फोटो