कोटद्वार। सेना भर्ती रैली में गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की तादाद में पहुंचने वाले युवाओं के साथ होटल और खाना बनाने वालों की मनमानी के बाद अब ऑटो चालक चांदी काट रहे हैं।
भर्ती शुरू होने से पूर्व एसडीएम ने परिवहन से संबंधित सभी संस्थाओं को बुलाकर ओवर लोडिंग और मनमाना किराया नहीं लेने के सख्त निर्देश दिए थे। बावजूद इसके ऑटो चालकों की मनमानी जारी है। कौड़िया स्थित गबर सिंह कैंप में भर्ती के दौरान दौड़ में फेल होने पर युवाओं को कौड़िया के पीरबाबा की मजार की ओर से बाहर निकाल दिया जा रहा है। वहीं पर ऑटो चालक पहुंचकर तीन सवारी में पास ऑटो में 12 से 15 युवाओं को ठूंस कर नजीबाबाद चौराहे पर उतार रहे हैं। यही नहीं उनसे बाजार तक के 20 से 25 रुपये किराया वसूल रहे हैं। भर्ती होने पहुंचे देहरादून के युवा दीपांशु शर्मा, रविंद्र सिंह रावत, आशुतोष भंडारी, दीपक कुमार ने ऑटो चालकों के इस प्रकार मनमाना किराया लेने पर आपत्ति जताई। उधर, एसडीएम राकेश तिवारी ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि पुलिस को इसके लिए निर्देश दिया गया है, अगर ऐसा है तो ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।