बरसात में भूस्खलन को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने पाबौ के खिर्सू-मुसागली-दमदेवल मार्ग पर मुसागली के निकट मोटर मार्ग पुल बनाने का काम शुरू कर दिया है। पुल की लंबाई 36 मीटर, जबकि ऊंचाई करीब आठ मीटर होगी। दो करोड़ 29 लाख की लागत से बनाए जा रहे इस पुल से क्षेत्र के 10 गांवों को फायदा पहुंचेगा।
क्षेत्र में पड़ते बिडोलस्यूं पट्टी के बिडोली, मरोड़ा, थानधार, निसनी, बुडनी, घुन्ना व पसीणा के लिए नेशनल हाईवे के साथ ही सड़क जाती है। सड़क पर कटान अधिक होने के कारण बरसात में पहाड़ खिसकने का खतरा बन जाता है। खतरे को देखते हुए मोटर मार्ग के साथ-साथ पैदल मार्ग भी बंद कर दिया जाता है।
ऐसे में इन गांवों के लोगों को पाबौ व पैठानी जाने के लिए अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा था।
क्षेत्रवासियों की समस्या को देखते हुए लोनिवि ने पुल बनाने का काम शुरू किया है। स्थानीय निवासी सुरेंद्र नौटियाल मंगल सिंह नेगी, संजय ढौडियाल, विजय सिंह नेगी, जगदीश ढौंडियाल, राघवेंद्र सिंह ने पुल निर्माणाधीन होने से खुशी जाहिर की है
कोट्स
दो करोड़ 29 लाख की लागत से पुल निर्माण का काम शुरू कर दिया है। पुल बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को बरसात के दिनों में अतिरिक्त सफर नहीं करना पड़ेगा।
-प्रत्यूष कुमार, ईई लोनिवि खंड पाबौ।