उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा से तबाह केदारनाथ धाम की पूजा अब गुप्तकाशी के विश्वनाथ मंदिर में हो रही है। केदारनाथ मंदिर के रावल (मुख्य पुरोहित) ने बताया कि जब तक मंदिर का शुद्घिकरण नहीं कर लिया जाता तब तक पूजा गुप्तकाशी के विश्वनाथ मंदिर में की जाएगी।
'उत्तराखंड में कहर' अपडेट के लिए क्लिक करें
इसके बाद गुप्तकाशी स्थित विश्वनाथ मंदिर में शनिवार से केदारनाथ जी की विधिवत पूजा शुरू हो गई है। पूजा अर्चना में काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
बदरी-केदारनाथ मंदिर समिति की बैठक में हुए फैसले के बाद विश्वनाथ मंदिर में भगवान केदारनाथ जी की पूजा शुरू की गई है।
आज पूजा मंदिर के प्रधान पुजारी बागेश लिंग ने संपन्न कराई। आपदा में किसी बचकर निकले प्रधान पुजारी बागेश लिंग केदारनाथ जी की मुख्य मूर्ति को अपने साथ लाए हैं। मूति को शुद्धिकरण के बाद मंदिर में प्रतिष्ठापित किया गया है।
मंदिर समिति अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि केदारनाथ में पूजा के संबंध में मंदिर समिति और धर्माचार्यों की बैठक में फैसला किया जाएगा। मंदिर के रावल भीमाशंकर लिंग भी केदारनाथ जाकर मंदिर की स्थिति देखेंगे।
केदारनाथ के पूजा में अभी वक्त
आपदा से केदारनाथ में भारी तबाही के बाद मुख्य मंदिर की हालत बहुत खराब है। मंदिर में नियमित रूप से कब पूजा शुरू होगी इस बारे में अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है। केदारनाथ मंदिर की शुद्घिकरण के लिए मंदिर के रावल गोचर पहुंच चुके हैं।