प्रदेश में दो दिनों से चल रही बादलों की आंखमिचौली शनिवार को भी जारी रही। राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहे। गर्जन के साथ कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने सोमवार को भी कहीं-कहीं हल्की बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बदलाव
बीते दो दिन से पारे का बढ़ता ग्राफ आने वाले दिनों में गिर सकता है। शनिवार रात से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बदलाव होगा। एक बार फिर के मौसम के करवट लेने से कई जगह हल्की बारिश या गर्जन के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग ने चार जनपदों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में बदले मौसम का असर अधिक रहने की संभावना जताई है। यहां के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात भी हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में सोमवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में गर्जन वाले बादल विकसित होने की संभावना है।