विधानसभा कूच के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए भाजपा कार्यकर्ता लल्लन सिंह को देखने भले ही उनकी पार्टी को कोई पदाधिकारी ना पहुंचा हो लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत जरूर पहुंचे।
सोमवार को अस्पताल पहुंचे पूर्व सीएम ने भाजपा कार्यकर्ता के उपचार में हरसंभव मदद का ऐलान किया। हरीश रावत ने कहा कि कार्यकर्ता किस पार्टी का है, यह सोचने से ज्यादा जरूरी उसका जीवन बचाना है। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार में किसी भी तरह की कमी ना रखने के निर्देश दिए।
रविवार तीन अप्रैल को अमर उजाला ने घायल भाजपा कार्यकर्ता की आपबीती को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेते हुए सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सीएमआई अस्पताल पहुंचे। उन्होंने लल्लन सिंह का हाल-चाल पूछने के बाद डॉक्टरों से जानकारी ली। लल्लन सिंह की पत्नी अनीता देवी ने रोते हुए बताया कि उपचार पर उनका करीब तीन लाख रुपया खर्च हो चुका है। कर्ज मांगकर किसी तरह उन्होंने ऑपरेशन और अन्य उपचार कराया है।
परिजनों को ढ़ाढस बंधाते हुए उन्होंने उपचार में हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पहले घटना का पता नहीं चला वर्ना वह पहले आते। लल्लन सिंह की देखरेख कर रहे वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डा. महेश कुडियाल से जानकारी लेने के बाद उन्होंने उपचार में किसी तरह की कमी ना रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल के चेयरमैन डा. आरके जैन को परिजनों की मदद करने को कहा।
बाद में अस्पताल परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता चाहे वह किसी भी पार्टी का जुड़ा हो, अगर इस स्थिति में हो तो उसकी मदद करना हमारी जिम्मेदारी है। अस्पताल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि लल्लन सिंह के उपचार में पॉलिटिकल लोगों की ओर से जो लैप्स था, उस दायित्व को अस्पताल ने निभाया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अपनी तरफ से हर संभव सहायता के साथ ही राज्यपाल को भी मदद के लिए पत्र लिखेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए कार्य कर रहे लल्लन का कोई दोष नहीं है। पार्टी महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि कार्यकर्ता का जीवन बचाना महत्वपूर्ण है। वरिष्ठ आन्दोलनकारी मोहन खत्री ने भी देर शाम अस्पताल पहुंचकर लल्लन सिंह का हाल-चाल जाना।