फ्लोर टेस्ट के बाद बाहर आते हरीश रावत
- फोटो : file photo
सदन की जीत को इंसाफ के तराजू ने भी तौला। तमाम जटिल और विकट परिस्थितियों के हमलों में चोट खाने के बाद हरीश रावत और ताकतवर बनकर उभरे और एक बार फिर राज्य के मुखिया बन गए हैं।
सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर राष्ट्रपति शासन समाप्त होते ही हरीश रावत की सरकार बहाल हो गई है। 27 मार्च के बाद 21 अप्रैल को एक दिन के बाद बुधवार को राज्य में लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल होने से कांग्रेस को आक्सीजन मिली है।
कांग्रेस मुख्यालय हुआ गुलजार
बुधवार सुबह सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय आते ही कांग्रेसियों में ऊर्जा का संचार हो गया। कई दिनों से सूना पड़ा कांग्रेस भवन और हरीश रावत का बीजापुर आवास गुलजार हो उठा। हरीश रावत पिछले डेढ़ महीने से मुख्य विपक्षी दल भाजपा और अपने पूर्व सहयोगियों के साथ जो जंग लड़ रहे थे, उसे उन्होंने आज जीत लिया है।
अब सभी की निगाह हरीश रावत के अगले कदम पर टिकी है। हरीश रावत ने मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान अपनी प्राथमिकताएं गिनाई और कहा कि मैं अब केवल पुन: कार्यभार ग्रहण करने का इंतजार कर रहा हूं।
हालांकि अभी इस बात को लेकर विचार विमर्श हो रहा था कि पुन: शपथग्रहण समारोह होगा या फिर सामान्य तरीके से ही चार्ज लेने से काम चल जाएगा।