हरिद्वार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को जिला पंचायत सदस्य के लिए बृहस्पतिवार को नामांकन दाखिल करने वालों का समर्थकों के साथ भारी हुजूम उमड़ा। जिसमें शाम चार बजे तक 310 नामांकन पत्र दाखिल हुए साथ ही 209 आवेदनों की बिक्री हुई। वहीं बसपा के कई दिग्गजों ने जिनमें जिला पंचायत अध्यक्ष अंजुम बेगम एव उनके पति आमिर आजम ने नामांकन जमा किया।
बृहस्पतिवार को जिला पंचायत कार्यालय पर जिपं सदस्य के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने वालों की भारी भीड़ पहुंची। ढोल बाजों के साथ पहुंचे प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा किए। सुबह दस बजे से लेकर शाम चार बजे तक जमा करने वालों की भारी भीड़ रही। सबसे अधिक बसपा समर्थित प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा किए। जिनमें मीनाक्षी देवी, संदीप कुमार राणा आदि शामिल रहे। इसके अलावा कांग्रेस से दावेदारी जता रहे कई प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र जमा किए। भाजपा एवं सपा से भी कई लोगों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। जो भी प्रत्याशी आवेदन जमा करता उसके समर्थक उसे फूल माला पहनाकर ले जाते। सुबह से लेकर शाम तक चली प्रक्रिया में जिला पंचायत सदस्य के लिए 310 नामांकन पत्र जमा किए गए है, अब तक कुल जमा नामांकन पत्र 371 हो चुके हैं। जबकि आवेदन 209 बिके और अब तक बिके पत्रों की संख्या 1157 तक पहुंच गई है। जिला पंचायत अधिकारी एसएस शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को नामांकन पत्र जमा करने का आखिरी दिन है। अधिक प्रत्याशी होने पर अतिरिक्त व्यवस्था कर नामांकन पत्र जमा कराए जाएंगे। वहीं नामांकन के दौरान किसी अनहोनी से निपटने के लिए पीएसी सहित पुलिस अधिकारी तैनात रहे।
--------------
प्रधान के लिए 432 नामांकन दाखिल
बहादराबाद। ब्लाक बहादराबाद में ग्राम प्रधान पद के लिए बृहस्पतिवार को 432 ने नामांकन पत्र दाखिल किए। अब तक ग्राम प्रधान के लिए 615 नामांकन पत्र दाखिल हो चुके है। बीडीसी के लिए 329 जमा हुए, अब तक कुल 468 जमा हो चुके है। सदस्य के लिए 1040 नामांकन पत्र जमा हुए, अब तक 1381 नामांकन पत्र जमा हो चुके है।
----------------------------
आरओ एवं एआरओ को दिए निर्देश
हरिद्वार। नोडल अधिकारी त्रिस्तरीय सामान्य निर्वाचन पंचायत सोनिका ने समस्त आरओ एवं एआरओ को निर्देश जारी करते हुए कहा कि विभिन्न पदों लिए आदेय और अन्य प्रमाणपत्र के लिए आयोग द्वारा जो प्रपत्र शुल्क व निशुल्क निर्धारित किए गए हो, इनकी जानकारी प्रत्याशियों को दी जाए।
--------------
बसपा ने बदला प्रत्याशी
हरिद्वार। बसपा ने बहादराबाद सीट पर अपना समर्थित प्रत्याशी बदल दिया है। जिसमें नीरू चौहान के बजाय मोनिका चौहान को अपना प्रत्याशी नियुक्त किया है। जबकि खाली छोड़ी गई मरगूबपुर दीदाहेड़ी सीट पर प्रत्याशी की घोषणा नहीं की गई। गौरतलब है बसपा ने जिला पंचायत के समर्थित प्रत्याशी बहादराबाद सीट से जसवंत की चौहान की पत्नी नीरू चौहान को प्रत्याशी बनाया गया था। इस पर राजनीति गरमा गई। देहरादून से दिल्ली तक फोन बज उठे। परिणाम स्वरूप पार्टी ने नीरू चौहान की जगह मोनिका चौहान को अपना समर्थित प्रत्याशी घोषित कर दिया। बसपा के जोन कोर्डिनेटर योगेश कुमार ने प्रत्याशी बदले जाने की पुष्टि की।