हरिद्वार। पंचायत चुनाव के लिए लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है। बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय में जिला पंचायत सदस्य के दावेदारों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ जुटी। 47 सीटों के लिए तीन दिनों में 948 नामांकन पत्र बिक चुके हैं। इनमें से 61 दावेदारों ने नामांकन पत्र जमा भी करवा दिए हैं। नामांकन खरीदने और जमा करने के दो दिन अभी शेष हैं। बुधवार को नामांकन पत्र खरीदने वालों में बसपा, कांग्रेस और भाजपा समर्थित दावेदार भी थे लेकिन जमा किसी ने नहीं करवाया।
सुबह जिला पंचायत कार्यालय में जिपं सदस्य के चुनाव के लिए नामांकन खरीदने वालों की भीड़ जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय तक देखने को मिली। सिटी मजिस्ट्रेट परिसर में वाहनों की भी भारी संख्या रही। भीड़ के चलते कार्यालय में तीन काउंटर लगाए गए। इन काउंटरों पर शाम तक चली बिक्री में 412 आवेदन बिके। तीन दिन तक हुई बिक्री में अभी तक 948 नामांकन पत्र बेचे जा चुके हैं। बुधवार को 61 नामांकन पत्र जमा भी हुए। जितने भी नामांकन पत्र जमा हुए हैं उनमें अभी तक किसी पार्टी का समर्थित उम्मीदवार नहीं है। जिला पंचायत चुनाव अधिकारी एसएस शर्मा ने बताया कि आवेदनों की बिक्री और जमा करने का कार्य चार दिसंबर तक जारी रहेगा। बताया कि पर्चा जमा करने के समय में प्रस्तावकों के अलावा अन्य किसी व्यक्ति को अंदर नहीं आने दिया जाएगा।
प्रधान, बीडीसी, सदस्य के बिके 2538
बहादराबाद। ब्लॉक कार्यालय बहादराबाद पर ग्राम प्रधान, बीडीसी एवं ग्राम पंचायत सदस्य चुनाव के लिए नामांकन करने वाले एवं पत्र खरीदने वालों की भारी भीड़ रही। अब तक ग्राम प्रधान के 628 पत्र बिक चुके हैं। इनमें बुधवार को 202 पत्र बिके। बीडीसी के लिए 529 पर्चे बिक चुके हैं, इनमें से बुधवार को 174 पर्चे बिके। ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 1381 नामांकन बिक चुके हैं, इनमें से बुधवार को 449 पत्र बिके। कुल मिलाकर अभी तक 2538 आवेदनों की बिक्री हो चुकी है।
प्रधान के लिए जमा हुए 183
बहादराबाद ब्लाक में ग्राम प्रधान के 183 नामांकन पत्र जमा हो चुुके हैं, इनमें से बुधवार को 157 नामांकन जमा हुए। बीडीसी के अभी तक 139 नामांकन पत्र जमा हो चुके हैं, इनमें से बुधवार को 121 जमा हुए। ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 331 पर्चें जमा हो चुके हैं, इनमें बुधवार को 329 आवेदन जमा हुए। चुनाव अधिकारी जेपी तिवारी ने बताया कि नामांकन पत्र चार दिसंबर तक जमा होंगे।