हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में एक युवक का शव बाग में पड़ा मिला। पास से इंजेक्शन मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि नशे की ओवरडोज के चलते मौत हुई होगी। पुलिस ने शव को मोर्चरी में भिजवा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का सही कारण सामने आ पाएगा।
पुलिस के अनुसार, शनिवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सतीकुंड के पास बाग में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान विकास कश्यप (36) पुत्र राकेश कुमार निवासी सर्विप्रय विहार कॉलोनी थाना कनखल के रूप में हुई। शव के पास से नशे में इस्तेमाल होने वाले इंजेक्शन पड़े मिले। पुलिस की जांच में सामने आया कि शुक्रवार की शाम विकास अपने दोस्त मोहित के साथ था। दोनों ने पहले गांजे की बीड़ी पी। इसके बाद विकास मोहित की स्कूटी लेकर चला गया।
रात तक जब वह नहीं आया तो मोहित घर चला गया। शनिवार सुबह उसके पिता ने स्कूटी के बारें में पूछा तो वह विकास को ढूंढ़ने पहुंचा। तब सतीकुंड के पास स्कूटी सड़क किनारे खड़ी मिली और बाग में अंदर विकास मृत हालत में मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मौेक से नशे के इंजेक्शन मिले हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि नशे की ओवरडोज से मौत हुई होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कारण स्पष्ट होगा। जांच की जा रही है। विकास शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं।