- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, बाइक चालक पर रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे भूमानंद अस्पताल से जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, इम्तियाज अंसारी निवासी मोहल्ला चौहानान ज्वलापुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात नवंबर की रात करीब 11:30 बजे उनका ताऊ का बेटा शहजाद बैंक ऑफ बड़ौदा के पास मौजूद थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाते हुए शहजाद को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही शहजाद नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए भूमानंद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जौलीग्रांट रेफर कर दिया। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। हालत गंभीर बनी हुई है। सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने बताया कि इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।