- सिडकुल थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र की नेहरू कॉलोनी में मारपीट कर रहे एक व्यक्ति को बचाने पहुंचे लोगों पर बाइक सवार युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि 10 से 15 युवक लाठी-डंडों और ईंटों से लैस होकर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों को पीटने लगे। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। घायल युवक को उपचार के लिए मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वरुणेंद्र कुमार शुक्ला निवासी नेहरू कॉलोनी, सिडकुल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि छह नवंबर की रात करीब 11 बजे वह परिवार के साथ घर के सामने मुख्य गेट पर खड़े थे। इसी दौरान खाड़ा कॉलोनी निवासी सोमनाथ के साथ कुछ लोग गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। सोमनाथ को बचाने के लिए उनका बेटा शिवम कुमार शुक्ला और कॉलोनी निवासी सुधांशु राय व पंकज पटेल मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार 10 से 15 युवक लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए और मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने शिवम को लाठी-डंडों और ईंट से पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हमले में सुधांशु राय और पंकज पटेल भी घायल हो गए।
शिवम की हालत देखते हुए उसे तत्काल मेट्रो अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि हमला करने में कार्तिक, संकेत और अंकित के भांजे सागर सहित अन्य लोग शामिल थे। सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।