शुक्रवार को दिनदहाड़े बीच बाजार एक युवक के साथ मारपीट करने का वीडियो वायरल हुआ। युवक के साथ चार युवक गाली गलौज और मारपीट कर उसे जबरन बाइक पर बैठाते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार को सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुई। वायरल वीडियो में सीतापुर फाटक के पास कुछ युवक एक युवक के साथ मारपीट कर रहे हैं। युवक पर जमकर थप्पड़ व घूंसे बरसाए जा रहे हैं। इसके साथ ही बेल्ट से भी उसके साथ मारपीट की जा रही है। मारपीट करने वाले युुवकों ने उक्त युवक को सड़क से उठाकर बाइक पर भी बैठाया और बाइक पर बैठाकर भी उसके साथ मारपीट की। घटना की वीडियो पास खड़े किसी व्यक्ति ने बनाकर वायरल भी कर दी है। मारपीट की घटना चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई, लेकिन पुलिस को इसकी कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार को वीडियो वायरल हुई तो मामला पुलिस के भी संज्ञान में पहुंचा। कोतवाल सीसी नैथानी ने बताया कि वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है।