ज्वालापुर में नशीले इंजेक्शन बेचने निकले एक शातिर चोर को पुलिस ने धर दबोचा। उसके कब्जे से 31 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए हैं। पूछताछ में पता चला है कि वह क्षेत्र में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
ज्वालापुर कोतवाल आरके सकलानी ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटर साइकिल पर कुछ नशीले इंजेक्शन लेकर रानीपुर झाल की तरफ से आ रहा है। जिस पर पुलिस टीम रेगुलेटर पुल से अगले बैंड पर नहर पटरी पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी ने अपना नाम मनीष मित्तल निवासी कुमार गली मोहल्ला चौहानान ज्वालापुर बताया। उसके कब्जे से 31 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। जिस पर मौके पर ड्रग इंस्पेक्टर अनिता भारती को भी बुलाया। बरामद इंजेक्शन प्रतिबंधित व नशे के होने की पुष्टि हुई। कोतवाल आरके सकलानी ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।