मेला भत्ता समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त कर्मचारी मोर्चा के बैनर तले विभिन्न विभागों, निगमों और अन्य संगठनों के कर्मचारियों ने शुक्रवार को सामूहिक अवकाश लेकर महारैली निकाली। नगर निगम कैंपस से शुरु होकर यह रैली विभिन्न मार्गों से होती हुई मेला नियंत्रण कक्ष तक पहुंची जहां कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार कर्मचारी सुबह करीब 11 बजे नगर निगम परिसर में एकत्र हुए। यहां सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी कर रही है। मेला भत्ता उपलब्ध कराने के साथ साथ स्थायी रुप से इलाहाबाद की तर्ज पर चालीस प्रतिशत तीर्थ भत्ता देने, विभिन्न विभागों में कार्यरत संविदा, दैनिक वेतन भोग एवं उपनल कर्मचारियों को नियमित करने, नगर निगम, रोडवेज, आयुर्वेदिक कालेज का राजकीयकरण करने के साथ ही हरिद्वार और रुड़की को नगर भत्ता देने की मांग की गई। सभा के बाद कर्मचारियों ने नगर निगम से मेला नियंत्रण कक्ष तक रैली निकालकर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन दिया। सभा को संबोधित करते वालों में मोर्चा के मुख्य संयोजक दिनेश लखेड़ा, सुरेंद्र तेश्वर, रमेश चंद्र छाछर, टंकार कौशल, राधेश्याम छाछर, इंद्रसिंह रावत, वीर सिंह असवाल, महावीर चौहान, शिवनारायण, राकेश शर्मा, महराज, लोकेंद्र, गिरीश रावत, रमेश चंद्र पंत, प्रेम बडथ्वाल, महेश कुमार, चंद्रपाल, सुधाकर भट्ट, आशा रानी, दीप चंद्र, देव सिंह, आशुतोष गैरोला, सुभाष गुप्ता आदि ने भाग लिया। बड़ी संख्या में कर्मचारी रैली में भाग लेने पहुंचे।