संवाद न्यूज एजेंसीहरिद्वार। उत्तराखंड जल संस्थान सीवर शाखा से जुड़े कर्मचारियों का तीन मांगों को लेकर दूसरे दिन भी अधिशासी अभियंता उत्तराखंड जल संस्थान कार्यालय परिसर जगजीतपुर में धरना-प्रदर्शन जारी रहा। श्रमिकों ने कहा कि जब तक मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
बृहस्पतिवार को धरना स्थल पर पहुंचे कर्मचारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि उत्तराखंड जल संस्थान में कर्मचारियों का वेतन भुगतान भी समय से नहीं किया जा रहा है। पिछले एक साल से ईपीएफ भी जमा नहीं किया जा रहा है।
कहा कि न्यूनतम वेतन लागू करने, वर्दी और जूता शीघ्र देने और यूनियन को यूनियन कार्यालय निर्माण कर देने की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
संविदा श्रमिक संगठन के अध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि संस्थान के अधिकारियों की ओर से सीधे तौर से कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है, क्योंकि, संगठन की मांगों को लेकर अधिकारियों की ओर से वार्ता नहीं की जा रही है। जिससे आंदोलन को उग्र करते हुए अधिशासी अभियंता कार्यालय की तालाबंदी के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
संगठन महामंत्री इमरत सिंह ने कहा कि हमें संगठन के मांगों को पूरा नहीं किया गया तो संगठन की ओर से शहर में रैली निकालकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया जाएगा। संगठन मंत्री जयपाल सिंह ने कहा कि पूर्व से ही जल संस्थान के अधिकारियों ने कर्मचारियों के साथ शोषणकारी नीतियों से कार्य किया है।
इन नीतियों का संगठन घोर विरोध करता है। जिसे अब किसी भी हालत में सहन नहीं किया जाएगा। इस मौके पर सुरेंद्र कुमार, शहेंद्र कुमार, मोहनलाल, नासिर हुसैन, देवेंद्र कुमार, सोनू कुमार, राजीव कुमार, राजीव शर्मा आदि मौजूद रहे।