बहादराबाद। थाना क्षेत्र मिर्जापुर मुस्तफाबाद निवासी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने महिला के पति पर दवा के बहाने जहर पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
अनीश निवासी मरगूबपुर दीदाहेड़ी निवासी ने तहरीर देकर बताया कि मेरी बहन हसरूबा की शादी करीब 20 वर्ष पूर्व अफजाल निवासी मिर्जापुर मुस्तुफाबाद के साथ हुई थी। एक वर्ष से हसरूबा बीमार चल रही थी। अफजाल उसे लगातार ताना मारकर मानसिक रूप से परेशान करता था, जबकि मायका पक्ष भी इलाज में सहयोग कर रहा था। अफजाल डॉक्टर है और वह बहन को दवाइयां भी देता था। बीते माह 24 जनवरी की शाम करीब 4 बजे अफजाल ने दवा के बहाने पानी में सल्फास की गोली मिलाकर हसरूबा को पिला दी। दवा समझकर उसने पी लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी।
शक से बचने के लिए अफजाल ने अपने भाई-बहन के साथ हसरूबा को सूर्यदेव मल्टी अस्पताल शांतरशाह भर्ती करवाया। सूचना मिलने पर पूरा परिवार अस्पताल पहुंचा। अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ ने बताया कि महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया है और उसकी हालत नाजुक है। अस्पताल की ओर से पुलिस चौकी शांतरशाह को सूचना दी गई। पुलिस के सामने महिला ने स्पष्ट रूप से बयान दिया कि उसे उसके पति ने दवा के बहाने जहर पिलाया है। इसके बाद बहन को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां 25 जनवरी रात करीब एक बजे उसकी मौत हो गई। थाना अध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि भाई की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।