वीवीआईपी डामकोठी से सटी कालोनी में बृहस्पतिवार की सुबह यूपी सिंचाई विभाग कर्मी की पत्नी का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटनास्थल पर मिले सुसाइड नोट के आधार पर परिजन इसे आत्महत्या बता रहे हैं, जबकि महिला के मायके पक्ष की ओर से हत्या का आरोप लगाया गया है।
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग में कार्यरत कर्मी विशाल अपनी पत्नी नेहा शर्मा (31 वर्ष) के साथ डामकोठी कालोनी में रहता था। बृहस्पतिवार की सुबह महिला के सुसाइड की सूचना पर करीब पौने ग्यारह बजे मायापुर चौकी प्रभारी प्रमोद उनियाल मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने साड़ी के फंदे के सहारे पंखे से झूल रहे शव को नीचे उतारा।
ससुराल वालों ने लगाया हत्या का आरोप
पूछताछ में पति विशाल ने पुलिस को एक सुसाइड नोट दिखाया। इसमें महिला ने मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है। साथ ही अपने सात वर्षीय बेटे भव्य का ख्याल रखने की बात लिखी है। विशाल ने पुलिस को बताया कि उसकी शंकराचार्य चौक के समीप किराने की दुकान भी है।
सुबह साढे़ आठ बजे वह दुकान खोलता है और दस बजे मां सुशीला देवी के पहुंचने पर नौकरी के लिए जाता है। कनखल के सर्वप्रिय विहार में छोटे भाई उदित की पत्नी का स्वास्थ्य खराब होने के कारण आजकल मां उसी के साथ रह रही थी। ऐसे में बृहस्पतिवार को छोटा भाई उदित दुकान पर पहुंचा।
मुजफ्फरनगर से पहुंचे परिजन
इसके बाद दुकान से घर आए विशाल को कमरे में पत्नी का शव फंदे से झूलता हुआ मिला। सूचना मिलने पर नई मंडी, मुजफ्फरनगर से मृतका के पिता राजेश कुमार और परिजन भी पहुंच गए। पुलिस के समक्ष पिता ने दामाद पर पुत्री की हत्या कर शव को फंदे पर लटका देने का आरोप लगाया है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हिरासत में लेकर पति से पूछताछ की जा रही है।
11 फरवरी को शादी की सालगिरह
नेहा और विशाल की शादी की सालगिराह 11 फरवरी को थी, लेकिन इससे पांच दिन पहले ही नौ साल पुराना रिश्ता हमेशा के लिए खत्म हो गया। मालूम हो वर्ष 2006 में ही पिता की मौत होने पर विशाल को नौकरी मिली थी। वर्तमान में वह एसडीओ कैनाल कार्यालय में तैनात है।
बहन को लेकर हुई थी कहासुनी
विशाल की अपनी बहन रैना को लेकर बुधवार रात को पत्नी नेहा से कहासुनी हुई थी। बकौल विशाल उसकी बहन सिडकुल की एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत है और पति से उसका विवाद चल रहा है। ऐसे में बहन कुछ दिन के लिए उसके घर रहना चाहती थी, लेकिन नेहा को यह पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर उसकी नोकझोंक हुई थी।
दामाद को जड़े थप्पड़
बेटी की मौत से आहत पिता राजेश ने कोतवाली में ही दामाद को थप्पड़ जड़ दिया। पुलिस ने जैसे तैसे बचाव कर पिता को अलग किया।
दो पेन से लिखा है सुसाइड नोट, दोनों गायब
विवाहिता नेहा शर्मा की मौत सवालों के घेरे में है। सुसाइड नोट में कोरे कागज पर लिखी तीन पंक्ति में नेहा ने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है और पति को क्लीन चिट दी है। जांच में पुलिस को सुसाइड नोट लिखने में प्रयुक्त हुई कलम बरामद नहीं हुई है।
चौकी प्रभारी प्रमोद उनियाल के मुताबिक पति ने सवा दस बजे घर पहुंचने की बात स्वीकारी है और पुलिस को पौने ग्यारह बजे सूचना दी गई है। पूछताछ में पति ने कहा कि पत्नी को फंदे पर झूलता देखकर उसने होश खो दिया।
इसके बाद पुलिस के पहुंचने पर पति की ओर से ही सुसाइड नोट थमाया गया। सुसाइड नोट का पहला अक्षर काले रंग की कलम से लिखा था, जबकि उसके बाद की लाइन नीले रंग की कलम से लिखी गई थी। पुलिस के अनुसार दोनों ही रंग की कलम वहां नहीं मिली।
काले रंग के पहले अक्षर के ऊपर भी दुबारा नीले रंग की कलम का इस्तेमाल हुआ है। चौकी प्रभारी के अनुसार कलम का गायब होना आश्चर्यजनक है।