हरिद्वार/श्यामपुर। थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान उत्तर प्रदेश नंबर की स्कॉर्पियो पर काली फिल्म, हूटर और विधायक-ब्लॉक प्रमुख के स्टीकर लगे होने पर पुलिस रोक लिया। कार सवारों ने पुलिस के सामने हनक दिखाई कि उनके अंकल विधायक हैं। इसके बाद पुलिस ने कार को जब्त कर लिया और स्टीकर, काली फिल्म को उतरवा दिया। ये मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
चंडी घाट क्षेत्र में नजीबाबाद रोड पर एसओ नितेश शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच नजीबाबाद की तरफ से एक काले रंग की स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। कार पर काली फिल्म, हूटर लगा होने के साथ ही अंदर कम उम्र के युवक बैठे दिखाई दिए। जैसे ही पुलिस ने कार को रोकते हुए साइड में लगवाया तो तभी अंदर से युवक ने शीशा नीचे उतारा। पुलिस ने हूटर, विधायक व प्रमुख के स्टीकर लगाने के बारे में पूछा तो युवक ने कहा कि उसके अंकल विधायक हैं।
थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि जानकारी जुटाने पर सामने आया कि कार में सवार चारों युवक छात्र हैं। उनके आजमगढ़ के एक दूर के रिश्तेदार ब्लॉक प्रमुख हैं। नियमों के उल्लंघन करने पर वाहन के शीशों से काली फिल्म और हूटर और विधायक और ब्लॉक प्रमुख के दोनों स्टिकर भी हटवा दिए गए। कार को जब्त करते हुए चालानी कार्रवाई की गई।
चंडी चौकी के पास चलाया चेकिंग अभियान
श्यामपुर। पुलिस ने चंडी चौकी के पास बुधवार शाम को चेकिंग अभियान चलाया। वाहनों के शीशे पर काली फिल्म और तेज आवाज वाले हॉर्न का प्रयोग करने पर वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।