अमर उजाला इंपैक्ट
बहादराबाद। शांतरशाह पतंजलि योगपीठ अंडरपास पर जलभराव की समस्या के संबंध में ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन की खबर का असर देखने को मिला है। दरअसल, अमर उजाला समाचार पत्र ने 30 मार्च के अंक में जलभराव की समस्या की खबर प्रकाशित की। इससे प्रशासन हरकत में आया और अंडरपास से जलभराव की समस्या को दूर करा दिया गया।
पतंजलि अंडरपास से सहदेवपुर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर पिछले 15 दिनों से सड़क टूटी हुई थी और जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों को आवागमन में दिक्कत हो रही थी। इसको लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी भी की थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी की निकासी कराई, जिससे अब मार्ग पर जमा जलभराव समाप्त हो गया है और लोगों को राहत मिली है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत का कार्य भी जल्द शुरू किया जाए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके। प्रशासन ने भी जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है।