हरिद्वार। बारिश में रवासन नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव की आशंका को देखते हुए श्यामपुर पुलिस ने नदी किनारे बसे गांवों में सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस ने ग्रामीणों और राहगीरों से नदी में जाने या उसे पार करने का जोखिम न उठाने की अपील की। साथ ही नदी किनारे चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं।
लालढांग चौकी क्षेत्र में रवासन नदी के किनारे बसे गांवों में पुलिस टीम ने पहुंचकर ग्रामीणों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के मुताबिक, बारिश के दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है और तेज बहाव के कारण हादसे का खतरा बना रहता है। ऐसे में जलस्तर बढ़ने पर किसी भी स्थिति में नदी के पास न जाने और नदी पार करने का प्रयास नहीं करने की अपील की गई।
पुलिस ने ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन के लिए मीठीबेरी गांव में बनाए गए पुल का इस्तेमाल करने के लिए कहा। ग्रामीणों को समझाया गया कि नदी के रास्ते आवागमन करने के बजाय निर्धारित पुल का ही उपयोग करें। इसके अलावा नदी किनारे आने-जाने वाले लोगों को संभावित खतरे से पहले ही सचेत करने के लिए पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर चेतावनी साइन बोर्ड लगाए।