पथरी। गौ संरक्षण अधिनियम के मामलों में पूर्व में जेल जा चुके 16 आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए उन्हें शांतिभंग की धारा के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी की थाने में परेड कराई और पूछताछ के बाद उनका अलग रजिस्टर तैयार किया। इसमें आरोपियों के नाम-पते, फोटो और मोबाइल नंबर दर्ज किए गए हैं।
सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने पशु कटान के मामलों में पूर्व में जेल जा चुके लोगों की निगरानी के लिए यह कार्रवाई की है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने थाने में सभी की परेड कराते हुए सख्त हिदायत दी कि भविष्य में गौकशी या इस तरह की किसी घटना में संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ गुंडा और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपियों में अकरम, रियाजुल अकबर निवासी बोडाहेड़ी, रफीक निवासी ऐथल, शाहवीर निवासी अलावलपुर, जिहान, इस्तकार और इकरार निवासी इब्राहिमपुर, आरिफ, समून, तुफैल और अब्दुल रहमान निवासी इक्कड़ खुर्द, सलमान निवासी धनपुरा, सलमान व सलमान निवासी नसीरपुर कलां व सैयद निवासी एकड़ खुर्द शामिल हैं। सभी का अलग रजिस्टर तैयार कर उनकी फोटो और मोबाइल नंबर समेत पूरा विवरण दर्ज किया है। इन लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।