रानीपुर कोतवाली पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को गढ़मीरपुर और मंगलौर से आए ग्रामीणों ने एसएसपी कार्यालय का घेराव करते हुए धरना दिया। अधिकारियों ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत किया।
रानीपुर क्षेत्र के गांव गढ़मीपुर में 26 अगस्त को मामूली विवाद को लेकर दो पक्ष के बीच खूनी संघर्ष हो गया था। दोनों तरफ से रिपोर्ट भी दर्ज हुई। शुक्रवार को ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रशेखर भट्टेवाले, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश राठौर, आदित्यराज सैनी राहुल, पवन सैनी की अगुवाई में ग्रामीण बड़ी संख्या में एसएसपी कार्यालय पहुंचे। नसीम पक्ष ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल से जुड़ा होने के चलते दूसरे पक्ष राव अजहर, जुबैर, अताउल्ला, आमिर की गिरफ्तारी नहीं की जा रही है। उनके पक्ष के एक युवक की हालत बेहद गंभीर है और उसके शरीर के निचले हिस्से ने कार्य करना ही बंद कर दिया है। करीब दो घंटे तक रानीपुर पुलिस की कार्यशैली को लेकर ग्रामीण भड़ास निकालते रहे। फिर सीओ सदर के आश्वासन के बाद ही प्रदर्शनकारियों ने एसएसपी कार्यालय छोड़ा।
दूसरी ओर मंगलौर क्षेत्र के रहने वाले ट्रक क्लीनर शहजाद और इंतजार की गुमशुदगी के मामले में रानीपुर पुलिस पर हीलाहवाली का आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक काजी निजामुउददीन की अगुवाई में ग्रामीण बड़ी संख्या में एसएसपी कार्यालय पहुंचे। कैंपस में धरना प्रदर्शन करते हुए वक्ताओं ने कहा कि रानीपुर क्षेत्र की गैस प्लांट चौकी क्षेत्र से शहजाद इंतजार लापता है और अब तक पुलिस उन्हें खोज नहीं पाई है। एसएसपी राजीव स्वरुप ने पूर्व विधायक को विश्वास दिलाया कि, युवकों की खोजबीन में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी, तब कही जाकर पूर्व विधायक वापस लौट गए।