युवा मातृशक्ति और सैनिक कल्याण से सेवाओं का खुला मार्ग
राज्य में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से 36 हजार से अधिक योग्य युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक व राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी के अलावा अन्य वक्ताओं ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। इसमें मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना से पलायन में 44 फीसदी की कमी आने की बात रखी गई। वहीं सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 फीसदी क्षैतिज आरक्षण और लखपति दीदी अभियान का उल्लेख किया गया। महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण मिल रहा है। शहीदों के परिजनों की अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है।
संपर्क सुविधाएं और भविष्य का संकल्प
राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि 12,769 करोड़ रुपये की चारधाम महामार्ग परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना जैसी संपर्क सुविधाएं प्रदेश को नए अवसरों से जोड़ रही हैं। हरिद्वार में 2027 में होने वाले भव्य कुंभ के लिए 1,027 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत 65 लाख से अधिक लोगों ने आयुष्मान कार्ड बनवाए हैं। कार्यसमिति ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन की नकारात्मक राजनीति की निंदा की। भाजपा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में 60 पार का लक्ष्य प्राप्त कर लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का संकल्प लिया।