- पथरी थाना क्षेत्र का मामला, एसओ के आश्वासन पर माने लोग
पथरी। जंगल में किशोरी से यौन शोषण करने के मामले में छह गिरफ्तारी के बाद रविवार को आरोपियों के परिजनों के साथ सैकड़ों लोगों ने पथरी थाने का घेराव किया। हंगामा करते हुए घटना वाले दिन किशोरी के साथ घूमने आए युवकों की भी गिरफ्तारी की मांग उठाई।
लोगों का कहना है कि युवती के साथ पथरी जंगल में घूमने के लिए तीन युवक भी दोषी है और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। आरोप लगाया है कि पुलिस ने एक तरफा कार्रवाई कर छह युवकों को जेल भेज दिया है जबकि छह युवकों में कुछ युवक बेगुनाह भी है। चेताया कि अगर जल्द ही युवती के साथ आए युवकों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो वह धरना प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
मामले में जेल गए युवकों के परिजन कई गांवों के लोगों के साथ पथरी थाने पहुंचे और हंगामा किया। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। मामले में जो दोषी पाया जाएगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद हंगामा करने वाले लोग थाने से वापस लौट गए।