उन्नाव कानपुर के ध्यानार्थ...
- बस और चालक को भेजा पुलिस हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
श्यामपुर। शुक्रवार शाम करीब चार बजे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित रोडवेज बस ने स्कूटी सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां से एक की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया है। पुलिस ने बस और चालक को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब चार बजे मुरादाबाद डिपो की एक बस नजीबाबाद की ओर से हरिद्वार आ रही थी। इसी दौरान कांगड़ी से श्यामपुर की ओर जा रहे स्कूटी सवार दो युवक कांगड़ी स्थित शराब के ठेके के पास बने कट से सड़क पार कर रहे थे। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही श्यामपुर थाने से वरिष्ठ उप निरीक्षक संजीत कंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों की पहचान गाजीवाली गांव श्यामपुर निवासी हेमंत (35) और उन्नाव, कानपुर निवासी मोहित (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने तत्काल 108 एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
सीओ शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि जिला अस्पताल पहुंचने पर परिजन घायल मोहित को उपचार के लिए अपने साथ भूमानंद अस्पताल ले गए हैं, जबकि दूसरे युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है और चालक को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।