हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में दुकान पर सामान लेने गई दो किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए दोनों की तलाश शुरू कर दी है। ब्रह्मपुरी निवासी एक महिला ने शिकायत देकर बताया कि रविवार की रात करीब 8:30 बजे उसकी 13 वर्षीय पुत्री अपनी सहेली के साथ सामान लेने के लिए दुकान पर गई थी। इसके बाद दोनों वापस नहीं आईं। काफी देर बाद भी नहीं आने पर दोनों की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद कोतवाली पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि किशोरियों की तलाश की जा रही है। संवाद
-
साइकिल चोरी करते आरोपी को पकड़ा, पुलिस को सौंपा
हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में साइकिल चोरी करते हुए एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया। उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया। रविवार को ब्रजपाल सिंह निवासी मिस्सरपुर कनखल के घर के पास साइकिल खड़ी थी। तभी एक युवक आया और साइकिल चोरी कर ले जाने लगा। ये देख ब्रजपल व उनके परिवार के लोगों ने उसे पकड़ कर लिया। इसके बाद उसे जगजीतपुर चौकी ले जाकर पुलिस को सौंप दिया। एसओ मनोज नौटियाल ने बताया कि आरोपी रवि कुमार निवासी मिस्सरपुर के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद
-
श्यामपुर पुलिस ने चार वारंटी पकड़े
श्यामपुर। कोर्ट से जारी गैर जमानती वारंट के बाद से फरार चल रहे चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी को कोर्ट में पेश किया। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि आरोपी हैप्पी निवासी चंडीघाट माजरा, विकास शर्मा निवासी ग्राम लालढांग, नबभार निवासी ग्राम गाजीवाला को वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। संवाद
-
घर में घुसकर लाठी-डंडों से दंपती को पीटा, तीन पर मुकदमा
हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में घर में घुसकर लाठी-डंडों से पति-पत्नी से मारपीट कर दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राजेन्द्र शर्मा निवासी बैरागी कैंप बजरीवाला शेखूपुरा कनखल ने शिकायत देकर बताया कि संजय साहनी ने उसकी शादी रेणू से दो साल पहले कराई थी। इसकी एवज में 50 हजार मांगे थे। पैसे न देने पर कई बार मारपीट कर चुका है। अब फिर से संजय, उसके साले ज्वाला साहनी, पत्नी कुसुम साहनी लाठी-डंडे लेकर घर में घुस गए। उससे व पत्नी से मारपीट कर 50 हजार मांगे। पैसे नहीं देने जान से मारने की धमकी दी। एसओ मनोज नौटियाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद