बुग्गावाला क्षेत्र के एक स्टोन क्रशर से बजरी भरकर जा रहा एक ट्रक रविवार की शाम से ही मोहंड रो में गोकुलवाला गांव के पास फंसा रहा। सुबह नदी में इतना पानी आया कि ट्रक का अधिकतर हिस्सा उसमें डूब गया। इस कारण चालक-परिचालक ट्रक में ही फंसे रह गए।
सोमवार सुबह शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े, लेकिन वह भी कोई मदद नहीं कर सके। करीब आठ बजे पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सकुशल बचाया। पहाड़ी क्षेत्रों में रविवार की दोपहर हुई बारिश के कारण बुग्गावाला क्षेत्र की बरसाती नदियां मोहंड रो, सोलानी, रायघटी आदि शाम से ही उफनाई हुई थी।
जिससे क्षेत्र के कई रास्ते बह गए। रविवार शाम करीब छह बजे पुरकाजी, मुजफ्फरनगर निवासी चालक आजाद और क्लीनर कलीम एक ट्रक में क्षेत्र से बजरी लेकर आ रहे थे। गोकुलवाला गांव के पास नदी में ज्यादा पानी आ जाने से ट्रक फंस गया। इस पर चालक-परिचालक पानी कम होने का इंतजार करते हुए रात में ट्रक में ही सो गए।
देर रात आसपास के क्षेत्र में भी तेज बारिश शुरू हो गई, इस वजह से नदी में पानी और ज्यादा बढ़ गया और ट्रक डूबने लगा। ट्रक में पानी भर जाने से चालक-परिचालक उसकी छत पर चढ़ गए। पूरी रात उन्होंने इसी तरह काटी सुबह होने पर मदद के लिए शोर मचाया।
जिस पर ग्राम प्रधान और कई ग्रामीण रस्से लेकर मदद के लिए दौड़े। बुग्गावाला की बाढ़ राहत चौकी पर लोग मदद मांगने गए तो वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इसके बाद लोगों ने एसडीएम प्रत्यूष सिंह और थानाध्यक्ष बुग्गावाला को फोन किया। सुबह करीब आठ बजे दो सिपाही मौके पर आए तब उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद रस्सों की मदद से उन्हें बाहर निकाला।