श्यामपुर। ऑपरेशन कालनेमि के तहत श्यामपुर थाना पुलिस ने चंडीघाट क्षेत्र में लोगों को परेशान कर रहे दो ढोंगियों को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि वे लोगों को तंत्र-मंत्र और जादू-टोना का झांसा देकर ठगने की कोशिश कर रहे थे, जिसके कारण इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई थी।
पुलिस ने बताया कि चंडीघाट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान इन दोनों व्यक्तियों को देखा गया। वे लोगों को रोककर परेशान कर रहे थे। वे जादू-टोने और तंत्र-मंत्र की कलाएं दिखाकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे थे। इसलिए वहां भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी।
जब स्थानीय लोगों ने इन दोनों को वहां से जाने को कहा और उनके इस व्यवहार का विरोध किया तो उन्होंने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। श्यामपुर थाना अध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान जुगनू नाथ (40) पुत्र कृष्ण नाथ और विजय नाथ (27) पुत्र मेघनाथ निवासीगण चंडीघाट के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।