पथरी थाना क्षेत्र का मामला, आरोपियों को जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरी। थाना क्षेत्र में पुलिस ने संरक्षित पशु कटान के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 80 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, कटान के उपकरण बरामद किए हैं। आरोपी मांस बाइक से बेचने के लिए धनपुरा और घिस्सूपुरा ले जा रहे थे। बाइक को भी कब्जे में ले लिया गया।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान धनपुरा अड्डे के पास मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बाइक पर बोरे और थैले में मांस लेकर दोगीवाला की तरफ से घिस्सूपुरा आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने धनपुरा से दोगीवाला जाने वाले रास्ते पर ट्यूबवेल के पास चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद बताए गए हुलिये की बाइक पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने बाइक वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से करीब 80 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ।
सीओ संजय चौहान ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम इरफान (43) निवासी धनपुरा और खुर्शीद (50) निवासी घिस्सूपुरा बताए। दोनों ने जंगल में पशु का कटान और मांस को बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की। दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।