चारधाम यात्रा के दौरान वाहन चालकों के द्वारा उसी दिन के हिसाब से वाहनों के रेट देने को लेकर ट्रेवल्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत से मुलाकात की। इसके साथ ही ऋषिकेश की तरह वाहनों के रोटेशन बनाने की मांग भी की। बैठक के दौरान रेट डिस्पले को लेकर कारोबारी आपस में ही उलझ गए। जहां कुछ ने बढ़े रेट पर आपत्ति जताई तो कुछ ने महंगाई को देखते हुए रेट को सही करार दिया।
चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। ऐसे में वाहनों की भी भारी डिमांड रहती है। वाहनों के चार सीटर कार से लेकर बस तक की मांग होती है। मगर इन वाहनों के रेट फिक्स नहीं होते हैं। वाहन मालिक भीड़ को देखते हुए ही उसी दिन ही अपने वाहन के रेट तय करते हैं। इसको लेकर हरिद्वार ट्रेेवल्स एसोसिएशन, टैक्सी मैक्सी एसोसिएशन व पंचपुरी टेंपो ट्रेवलर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एआरटीओ रश्मि पंत से मुलाकात की।
एआरटीओ ने बैठक में राज्य परिवहन प्राधिकरण के चारधाम को लेकर तय रेट लेने के ही निर्देश दिए। बैठक में हरिद्वार ट्रेेवल्स एसोसिएशन अध्यक्ष उमेश पालीवॉल, अध्यक्ष टैक्सी मैक्सी एसोसिएशन के अध्यक्ष बंटी भाटिया आदि मौजूद रहे।