हरिद्वार। श्यामपुर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी का खुलासा करते हुए दो अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो ट्रैक्टर, दो ट्रॉलियां और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। वारदात में शामिल एक आरोपी फरार है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि 12 अगस्त को ग्राम कांगड़ी निवासी शिव कुमार ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी ट्रैक्टर-ट्रॉली कांगड़ी स्थित शराब की दुकान की कैंटीन के बाहर से चोरी कर लिया गया। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया था। एसएसपी के निर्देश पर टीम गठित करते हुए खोजबीन में लगाई गई। सीसीटीवी कैमरे व अन्य माध्यमों से सुराग जुटाते हुए 13 अगस्त को दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया। सख्ती से पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम पंकज सैनी निवासी ग्राम मीरा सराय हीरा नगर काॅलोनी थाना कोतवाली अमरोहा जिला अमरोहा, दिव्यांशु कुमार निवासी ग्राम ढक्का करमचंद थाना धामपुर जिला बिजनौर यूपी बताए। अपने फरार साथी का नाम विकास कुमार उर्फ विक्की निवासी उदेरेवाला ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद बताया।
एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर टांटवाला नहर पटरी के पास रसियाबड़ जंगल से श्यामपुर और रानीपुर क्षेत्र से चोरी हुए दो ट्रैक्टर व दो ट्रॉलियां एवं वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली गई। बीती नौ अप्रैल को रानीपुर केातवाली क्षेत्र में भगत सिंह चौक के पास ऑटोडोरियम के बाहर से नरेंद्र कुमार निवासी शिवलोक कालोनी फेस 2 की ट्रैक्टर-ट्राॅली चोरी हुई थी। आरोपियों को जेल भेज दिया है। फरार की तलाश में टीम जुटी है।