हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के नसीरपुरकला गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, सास-ससुर समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सोनम निवासी ग्राम नसीरपुर कलां रविदास मंदिर के पास उर्फ झिबरन थाना पथरी ने महिला हेल्पलाइन में दी गई शिकायत में बताया कि उसकी शादी 26 फरवरी 2020 को कुलदीप के साथ हुई थी। शादी में बाइक, फर्नीचर, घरेलू सामान, सोने-चांदी के जेवर, नकद 31 हजार रुपये और कपड़े समेत करीब 9–10 लाख रुपये खर्च किए। आरोप लगाया कि शादी के कुछ ही समय बाद ससुराल वालों ने 50 हजार रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी। मना करने पर उसे ताने दिए जाने लगे और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
आरोप है कि बीती 12 फरवरी 2024 को दिन में करीब चार बजे पति कुलदीप, ससुर बाबूराम, सास रोशनी, ननद पूजा, प्रीति, आरती, निशा और देवर रजत ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। किसी तरह वह मायके पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। अभी भी उसे लगातार धमकी दी जा रही है। थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।