स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की ओर से चल रहे चेकिंग अभियान में शुक्रवार को मानकों का उल्लंघन करने वाले 65 वाहनों का चालान किया गया। जबकि तीन बसें सीज हुईं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में वाहनों की सघन चेकिंग चल रही है। टीम ने वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, चालक के लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड किट, महिला परिचारिका और आपातकालीन निकास आदि की जांच की। खामियां मिलने पर 65 वाहनों के चालान किए गए। वहीं, दो बसें बिना वैध फिटनेस और एक बस बिना पंजीकरण के संचालित मिलने पर तत्काल सीज कर दी गईं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर यह कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। परिवहन विभाग बीते तीन दिन में लगभग 200 स्कूल वाहनों की चेकिंग कर चुका है, जिसमें कुल 140 वाहनों के चालान किए गए हैं। इनमें बुधवार को 30, बृहस्पतिवार को 45 और शुक्रवार को 65 वाहनों पर कार्रवाई हुई। चेकिंग अभियान में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, मुकेश भारती और उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार शामिल रहे।