पथरी। नसीरपुर कलां में गांव के गणमान्य लोगों ने नशे की रोकथाम के लिए कमर कस ली है। शनिवार को ग्राम प्रधान गुलनाज अंसारी के आवास पर ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव में नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों का सामाजिक बहिष्कार करने और पकड़कर पुलिस को सौंपने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि साजिद अंसारी ने कहा कि गांव में नशीले पदार्थों की बिक्री के कारण सैकड़ों युवा नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं। नशे की लत के चलते युवा छोटे-मोटे अपराधों की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे गांव में लड़ाई-झगड़े और पारिवारिक विवाद भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव में खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री होना सभी के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सभी को एकजुट होकर नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करनी होगी। बैठक में गांव में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए गणमान्य लोगों की एक समिति गठित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में ग्राम प्रधान गुलनाज अंसारी, बादशाहपुर सहकारी समिति की डायरेक्टर समीना अंसारी, लक्सर गन्ना विकास समिति के डायरेक्टर मोहब्बत अली, पूर्व प्रधान श्यामलाल राठौर, शाहिद अली, हाजी शहजाद, आरिफ अली, दिलशाद और गुलबहार आदि मौजूद रहे।