हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में बंद पड़े घर का ताला तोड़कर सामान चोरी का मामला सामने आया है। घर लौटने पर मकान मालिक को चोरी का पता चल सका। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कविता रानी पत्नी आदेश कुमार निवासी गली नंबर-2 सुमननगर रानीपुर ने शिकायत दी। बताया कि 31 अक्तूबर की सुबह अपने घर से सुमननगर से दीपावली का त्योहार मनाने के लिए अपने मूल घर भरतिया चली गई थी। यहां ताला लगा दिया गया था। 10 नवंबर की दोपहर उसका पुत्र आशुतोष सुमनगर पहुंचा। जहां उसे मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर पहुंचकर देखा तो कमरों के भी ताले टूटे हुए मिले।
अंदर लगी एलईडी, इन्वर्टर के अलावा मोटरसाइकिल, और किचन से गैस सिलिंडर गायब मिला। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक कर आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।