बहादराबाद। गर्मी से राहत पाने के लिए वाटर पार्क पहुंचे एक परिवार की खुशी उस वक्त धरी की धरी रह गई, जब अज्ञात चोरों ने उनकी कार का शीशा तोड़कर उसमें रखी नगदी और सात मोबाइल फोनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पीड़ितों ने स्थानीय पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को एक परिवार शांतरशाह चौकी क्षेत्र के बड़ेडी राजपूतान हरिद्वार-रुड़की मार्ग स्थित एक वाटर पार्क में नहाने के लिए पहुंचा था। उन्होंने पार्किंग में अपनी कार खड़ी की और पार्क के अंदर चले गए। कुछ घंटों बाद जब वे वापस लौटे तो देखा की कार का एक शीशा टूटा हुआ है और अंदर रखी हजारों रुपये की नकदी आदि कीमती सामान गायब है। पीड़ित हैदर अमी, फराज हैदर निवासी मंगलौर ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना को शातिर चोरों ने अंजाम दिया है, जो पहले भी इस इलाके में सक्रिए रहे हैं। बहादराबाद थाना प्रभारी नरेश राठौड ने बताया कि पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।