हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में एक सैलून में युवक पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने सैलून का शटर बंद कर युवक को भीतर ही बुरी तरह पीटा और सिर फाड़ दिया। पीड़ित की मां की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, कुंज गली, गंगाजली बस्ती निवासी बीना कश्यप ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा सूरज कश्यप शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे इंदिरा विकास कॉलोनी स्थित एक सैलून में बाल कटवाने गया था। तभी वहां विजय, अजय और ऋतिक उर्फ बैंगन, दीपक पहुंचे और सूरज पर हमला कर दिया। आरोप है कि इन युवकों ने दुकान का शटर बंदकर पहले सूरज को कैद किया, फिर डंडों और लात-घूंसों से जमकर पीटा।
बताया कि युवक पहले भी उनके बेटे के साथ मारपीट कर चुके हैं और लगातार उसे धमकाते रहते हैं। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।