हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं मिला। पुलिस ने आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को सूचना मिली कि जमालपुर कलां में रहने वाले युवक ने घर के अंदर पंखे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए परिजनों से जानकारी ली, लेकिन आत्महत्या करने का कोई कारण सामने नहीं आ पाया। वरिष्ठ उप निरीक्षक रमेश सिंह सैनी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त डेविड (21) पुत्र सुनील कुमार निवासी मोहल्ला कड़च्छ ज्वालापुर हाल जमालपुर कलां थाना कनखल के रूप में हुई है। मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है। फांसी लगाने के पीछे क्या वजह रही होगी, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के लिए शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है।