- लंबे समय से शौचालय की नहीं हुई सफाई, दुर्गंध से खड़ी हुई मुसीबत
पथरी। बादशाहपुर में बस स्टैंड पर शौचालय बदहाल में है। पिछले काफी समय से शौचालय की साफ-सफाई नहीं हुई है। गंदगी फैली हुई है और दुर्गंध के चलते यहां से गुजरने में लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान व संबंधित अधिकारी इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जब सरकार के लाखों रुपये खर्च कर शौचालय का निर्माण हुआ था और यहां ठंडे पानी के लिए वाटर कूलर लगाया गया था तब बस स्टैंड के आसपास के दुकानदार व राहगीरों को उम्मीद जगी थी कि अब उन्हें पीने के पानी व शौच के लिए इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
-
क्या कहते हैं ग्रामीण
पांच साल पहले ग्राम पंचायत की ओर से शौचालय का निर्माण हुआ था। पिछले एक साल से शौचालय की साफ-सफाई नहीं हुई है। शौचालय में फैली गंदगी से आने वाली दुर्गंध से आसपास के दुकानदार काफी परेशान हैं।
- अरविंद सैनी
-
शौचालय में लाइट व पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। इसकी देखरेख नहीं होने से यह बदहाल हालत में है। ग्राम पंचायत की बैठक में इस समस्या को उठाया गया था। लेकिन किसी ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। संबंधित अधिकारी इसके लिए जिम्मेदार हैं।
- प्रकाश सिंह
-
काफी दिनों से इस शौचालय के पास लगा ठंडे पानी का वाटर कूलर खराब पड़ा है। अब गर्मी के दिनों में बस स्टैंड के आसपास के दुकानदार व राहगीरों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ेगा। जल्द ही समस्या का समाधान होना चाहिए।
- नरेश कश्यप
ग्राम पंचायत की ओर से लाखों रुपए खर्च कर बस स्टैंड पर ठंडे पानी का वाटर कूलर लगाया गया था और शौचालय का निर्माण किया गया था। सरकार का लाखों रुपए खर्च होने के बाद भी लोगों को इसका कोई फायदा नहीं हुआ हैं।
- उपेन्द्र सैनी